इंडियन सोसाइटी ऑफ न्यूरो-ऑन्कोलॉजी द्वारा 4 दिवसीय इंटरनेशनल कांफ्रेंस का आयोजन 4 अप्रैल से
Wednesday - April 3, 2019 4:56 pm ,
Category : WTN HINDI
भारत सहित कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी व साउथ कोरिया आदि देशों के 350 न्यूरो-ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ एवं शोधकर्ता लेंगे भाग
एम्स, पीजीआई, एसजीपीआई, टाटा मेमोरियटल हॉस्पिटल व नेशनल इन्स्टीट्यूटस ऑफ मेंटल हैल्थ एंड न्यूरोसाइंसेस के विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
होगा भोपाल ब्रेन ट्यूमर ग्रुप का शुभारंभ, भाग लेंगे ब्रेन कैंसर पर विजय पाने वाले रोगी
भोपाल 3 अप्रैल 2019। इंडियन सोसाइटी ऑफ न्यूरो ऑन्कोलॉजी के तत्वाधान में भोपाल न्यूरो एसोसिएशन तथा भोपाल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी के सहयोग से 11वी वार्षिक कॉन्फ्रेंस -इस्नोकॉन 2019- इस बार भोपाल में आयोजित होने जा रही है। सैलर और सुप्रासैलर थीम पर आयोजित इस कॉन्फेंस में देश-विदेश के 350 से ज्यादा विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। इस कार्यशाला में कनाडा, अमेरिका, बिट्रेन, जर्मनी और दक्षिण कोरिया से 15 विशेषज्ञ, तो वहीं भारत से 70 विशेषज्ञ अपने अनुभव व विशेषज्ञता अन्य चिकित्सकों के साथ साझा करेंगे।
उक्त आशय की जानकारी आज होटल जहांनुमां में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कान्फ्रेंस आर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमेन व वरिष्ठ रेडियेशन आंकोलॉजिस्ट, बंसल हॉस्पिटल डॉ आर.के. पाण्डेय और ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं वरिष्ठ न्यूरोसर्जन व एचओडी बंसल हास्पिटल डॉ नितिन गर्ग ने दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 4 अप्रैल को प्री कॉन्फ्रेंस का आयोजन बंसल अस्पताल एव ंबीएमएचआरसी में किया जायेगा जिसके अंतर्गत तीन अलग अलग विषयो पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 तक वर्कशॉप होगी। इसके अंतर्गत इंट्रा ऑपरेटिव न्यूरो मोनिटिरिंग एवं लाइव सर्जरी, रेडियोथेरेपी कन्टोरिंग एवं मॉलिक्यूलर न्यूरो ऑन्कोलॉजी विषय पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने आगे बताया कि दिनांक 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक कांफ्रेंस का आयोजन होटल जहांनुमा पैलेस, भोपाल में किया जायेगा । कांफ्रेंस में प्रमुख रूप से न्यूरो ऑन्कोलॉजी के चिकित्सा विशेषज्ञ एवं इस विधा पर रिसर्च कर रहे साइंटिस्ट एक मंच पर उपस्थित रहकर इस विषय में नवीन तकनीकों के उपयोग और इलाज के बेहतर परिणामो हेतु अपने अनुभव साझा करेंगे।
कांफ्रेंस के पहले दिन सायं 7.30 बजे कार्यकम का औपचारिक उद्घाटन किया जायेगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम्स, भोपाल के निदेशक प्रो. सरमन सिंह व गेस्ट ऑफ़ ऑनर के रूप में मध्य प्रदेश शासन की प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) पल्लवी जैन गोविल होंगी। आयोजन के तीसरे दिन 7 अप्रैल को दोपहर 1 बजे भोपाल के ब्रेन ट्यूमर सपोर्ट ग्रुप का शुभारंभ किया जायेगा। इस अवसर पर जिन रोगियों ने सफलतापूर्वक इस बीमारी से लड़ा और जीता है, वे अपने मनोवैज्ञानिक मुद्दों को साझा करेंगे, जिनका उन्होंने और उनके परिवार के सदस्यों ने सामना किया। इस साइको-ऑन्कोलॉजी सत्र को टाटा मेमोरियल अस्पताल की न्युरो-सायकोलॉजिस्ट सुश्री सविता गोस्वामी संचालित करेंगी।
– Window To News