मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के तीन खिलाड़ी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेगें
Tuesday - May 21, 2019 10:39 am ,
Category : WTN HINDI
ऐश्वर्य प्रताप, सुनिधि चौहान और चिंकी यादव का आईएसएसएफ वर्ल्डकप के लिए चयन
भोपाल : 21 मई, 2019 (WTN): जर्मनी के म्युनिख में 24 से 31 मई 2019 तक होने जा रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, सुनिधि चौहान और चिंकी यादव भारतीय टींम का प्रतिनिधित्व करेगें। वर्ल्ड कप में ऐश्वर्य प्रताप और सुनिधि चौहान 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन इवेंट में तथा चिंकी यादव 25 मीटर र्स्पोटस पिस्टल इवेंट में प्रतिभा प्रदर्शन करेंगें।
वर्ल्ड कप में अकादमी के खिलाड़ियों का चयन होने पर संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस एल थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। खेल संचालक डॉ. थाउसेन ने खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में उत्कृष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक देश को दिलाया है। जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 9 स्वर्ण और दो-दो रजत एवं कांस्य पदक अर्जित किए हैं। इसी तरह सुनिधि चौहान ने पिछले दिनों केरल में संपन्न राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अर्जित किया है। अकादमी की खिलाड़ी चिंकी यादव ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक देश को दिलाए हैं। उन्होनें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 13 से अधिक पदक अर्जित कर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

गौरतलब है कि ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और सुनिधि चौहान शूटिंग अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सुमा सरूर और प्रशिक्षक सुनिता लाखन एवं वैभव शर्मा तथा चिंकी यादव शूटिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक जसपाल राणा और प्रशिक्षक जयवर्धन सिंह चौहान के मार्ग दर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।