दर्शकों के मध्य काफी लोकप्रिय हुआ मानव संग्रहालय का “एक कदम स्वच्छता की ओर” कार्यक्रम
Thursday - May 23, 2019 10:44 am ,
Category : WTN HINDI
WTN- इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में दिनांक 02 अक्टूबर, 2014 से जारी ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के अंतर्गत एक कदम स्वच्छता की ओर कार्यक्रम दर्शकों के मध्य काफी लोकप्रिय हुआ है। कार्यक्रम के समन्वयक, डॉ. पी. शंकर राव ने बताया कि संग्रहालय ने सफाई करने की दिशा में रचनात्मक और सहयोगात्मक मंच प्रदान किया है इससे हम लोग संग्रहालय में आने वाले दर्शकों और नागरिकों को स्वच्छता संबंधी प्रयासों के बारे में जानकारी प्रदान करते हैं। इस हेतु प्रतिवर्ष 100 घंटे के श्रमदान के लिए दर्शकों एवं संग्रहालय कर्मियों को प्रेरित करने के लिए प्रत्येक बुधवार को 02 घंटे (सायं 4 से 6 बजे तक) श्रमदान के लिए समय निकाला जाता है, इसप्रकार पुरे वर्ष भर में 52 बुधवार आते है और कुल 104 घंटे श्रमदान के लिए आसानी से निकल जाता है। इस स्वच्छता संदेश का उद्देश्य लोगों को उनके दैनिक कार्यों में से कुछ घंटे निकालकर भारत में स्वच्छता संबंधी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
डॉ. राव ने आगे कहा कि स्वच्छता रखने के सम्बन्ध में स्थानीय समुदायों के सदस्यों को जोड़कर अधिक से अधिक प्रचार करते हुए अपने आसपास के स्थानों में इस अभियान के सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करेंगे। सावर्जनिक स्थान स्वच्छ एवं सुन्दर होने से बहुत सारे दर्शक आकर्षित होकर नियमित रूप से संग्रहालय का भ्रमण करते है। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को एक कदम स्वच्छता की ओर कार्यक्रम में जोड़कर जाग्रति फैलाना है जिससे गांधीजी का स्वच्छ भारत का स्वप्न साकार हो सके।– Window To News