BrahMos WORLD INDIA MADHYA PRADESH BHOPAL WTN SPECIAL GOSSIP CORNER RELIGION SPORTS BUSINESS FUN FACTS ENTERTAINMENT LIFESTYLE TRAVEL ART & LITERATURE SCIENCE & TECHNOLOGY HEALTH EDUCATION DIASPORA OPINION & INTERVIEW RECIPES DRINKS BIG MEMSAAB 2017 BUDGET 2017 FUNNY VIDEOS VIRAL ON WEB PICTURE STORIES Mahakal Ke Darshan
WTN HINDI ABOUT US PRIVACY POLICY SITEMAP CONTACT US
logo
Breaking News

जानिए कैसे क्रिएट करें एसबीआई का वर्चुअल कार्ड?

Saturday - January 25, 2020 3:58 pm , Category : WTN HINDI
बहुत आसान है एसबीआई वर्चुअल कार्ड बनाना
बहुत आसान है एसबीआई वर्चुअल कार्ड बनाना

एसबीआई वर्चुअल कार्ड से सुरक्षित तरीक़े से करिये ट्रांजैक्शन

JAN 25 (WTN) – टेक्नोलॉजी के इस दौर में आप नेट बैकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड और यूपीआई पेमेंट ऑप्शन का इस्तेमाल तो करते ही होंगे। वहीं यदि आप इनका इस्तेमाल करते हैं तो आपको कई बार क्रेडिट या डेबिट कार्ड की ज़रूरत पड़ती है। लेकिन कई बार आप कार्ड घर भूल जाते हैं या फ़िर कार्ड गुम होने या चोरी होने का ख़तरा भी बना रहता है। ऐसे में देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक अपने उपभोक्ताओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए वर्चुअल कार्ड की सुविधा लेकर आया है। एसबीआई का दावा है कि वर्चुअल कार्ड के इस्तेमाल से ग्राहकों को अब ऑनलाइन शॉपिंग के लिए प्लास्टिक कार्ड की ज़रूरत नहीं होगी।
 
दरअसल, वर्चुअल कार्ड का इस्तेमाल करने से इस कार्ड के गुम होने या फ़िर चोरी होने का डर नहीं रहेगा जिससे कोई इसका इस्तेमाल आपकी इजाज़त के बिना नहीं कर सकेगा। एसबीआई का दावा है कि इस नये वर्चुअल कार्ड में प्लास्टिक कार्ड के सभी फ़ीचर्स उपलब्ध होंगे। आख़िर क्या है यह वर्चुअल कार्ड और इसकी क्या विशेषताएं हैं? साथ ही आप इस कार्ड को कैसे जनरेट कर सकते हैं और इसका कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, इसके बारे में आपको विस्तार से बताते हैं।

एसबीआई के वर्चुअल कार्ड की मदद से उपभोक्ता अपने अकाउंट डिटेल्स के बारे में जानकारी ​छुपा सकेंगे, और ऐसा होने से किसी भी तरह के फ्रॉड की आशंका कम हो जाएगी। बता दें कि वर्चुअल कार्ड की वैधता सिर्फ़ 48 घण्टे की ही रहेगी और तय समयावधि में ही इस कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकेगा। एसबीआई का कोई भी उपभोक्ता यदि इस वर्चुअल कार्ड को क्रिएट करना चाहता है और उसके ज़रिए ट्रांजैक्शन करना चाहता है तो यह दोनों ही प्रक्रिया सिर्फ़ OTP की मदद से हो सकेंगी, और यह OTP उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर ही आएगा।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एसबीआई के वर्चुअल कार्ड के लिए मिनिमम ट्रांजैक्शन लिमिट 100 रुपये और मैक्सिमम ट्रांजैक्शन लिमिट 50,000 रुपये तय की गई है। एसबीआई वर्चुअल कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन मर्चेंट साइट पर किया जा सकता है, लेकिन बता दें कि इसका इस्तेमाल वहीं किया जा सकता है जहां पर वीज़ा कार्ड्स को एक्सेप्ट किया जाता है। इतना ही नहीं, एसबीआई का वर्चुअल कार्ड सिर्फ़ एक बार ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी एक बार ट्रांजैक्शन के बाद आप इस वर्चुअल कार्ड को दोबारा यूज़ नहीं कर पाएंगे।

यदि आप भी एसबीआई के वर्चुअल कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको एसबीआई के बैंकिंग पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। एसबीआई के बैंकिंग पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद आपको वेबसाइट के टॉप बार में 'e-Card' का विकल्प दिखाई देगा जिस पर आपको क्लिक करना होगा। 'e-Card' पर क्लिक करने के बाद स्क्रीन पर आपके सामने कई विकल्प आएंगे, जिसमें से आपको 'generate virtual card'  टैब पर क्लिक करना होगा। 'generate virtual card' को क्लिक करने के बाद आप वो अमाउंट चुनें जो कि आप वचुर्अल कार्ड में ट्रांसफर करना चाहते हैं।

अकाउंट ट्रांसफर करने के बाद आपको नियमों और शर्तों को स्वीकार करने के बाद जेनरेट के विकल्प पर क्लिक करना होगा। जेनरेट पर क्लिक करने के बाद आपको कार्डहोल्डर का नाम, डेबिट कार्ड अकाउंट नम्बर और वर्चुअल कार्ड लिमिट को वेरिफाई करना होगा। इस पूरी प्रक्रिया को करने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर एक ओटीपी आएगा। इस ओटीपी को भरने और कन्फर्म बटन पर क्लिक करने के बाद कार्ड नम्बर के साथ कार्ड की तस्वीर, एक्सपाइरी डेट आदि जैसी जानकारी आपके ​स्क्रिन पर दिखाई देगी। इस तरह से आपका वर्चुअल कार्ड क्रिएट हो जाएगा और आप इसका इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान कर सकते हैं।