अब फेस मास्क को लेकर WHO ने सुधारी अपनी 'ग़लती'
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव को लेकर WHO ने जारी किए नए दिशा-निर्देश
JUNE 06 (WTN) - कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर शुरू से ही WHO (World Health Organization) यानि विश्व स्वास्थ्य संगठन की कार्यप्रणाली विवादों में रही है। WHO के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रॉस एडहेनॉम पर अमेरिका समेत कई देश कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के मामले में चीन का साथ देने और महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, अब मास्क को लेकर WHO द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
अब मास्क पर WHO के दिशा-निर्देशों पर सवाल खड़े होने के बाद WHO ने मास्क पहनने संबंधी नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। WHO ने मास्क को लेकर अपनी नई गाइडलाइंस में कहा है कि फेस मास्क किन लोगों को पहनना चाहिए, किन परिस्थितियों में पहनना चाहिए और मास्क किस सामग्री का बना होना चाहिए और उसकी बनावट कैसी होना चाहिए?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फेस मास्क पहनने संबंधी दिशा-निर्देशों को लेकर WHO की कई देश आलोचना कर चुके हैं। आरोप है कि फेस मास्क न लगाने संबंधी WHO के दिशा-निर्देशों के कारण ही कोरोना वायरस संक्रमण इतनी तेजी से पूरी दुनिया में फैला है। मास्क के दिशा-निर्देशों के बारे में आरोप लगने के बाद WHO ने अब नए दिशा-निर्देशों में कहा है कि लोगों को ऐसी जगहों पर भी मास्क पहनना चाहिए जहां पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना सम्भव नहीं है।
इतना ही नहीं, WHO ने अब मास्क की क्वालिटी को लेकर भी नई जानकारी दी है। WHO के अनुसार, "फेस मास्क को बाजार से खरीदा जा सकता है, और फेस मास्क को घर में भी बनाया जा सकता है। घर में बने मास्क में तीन परतें होनी चाहिए। पहली परत सूत के अस्तर की होना चाहिए। बीच की परत पोलिप्रोपायलीन की बनी होना चाहिए जो कि फिल्टर की तरह काम करती है। वहीं तीसरी परत पोलिएस्टर की बनी होना चाहिए।"
वहीं, अपनी पुरानी ग़लती सुधारते हुए अब WHO ने कहा है कि देशों को अपने यहां लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए कि वे भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें। साथ ही ट्रेन और बस जैसी जगहों पर जहां पर कि कम्यूनिटी ट्रांसमिशन जैसी स्थितियां निर्मित हो सकती हैं, वहां पर भी मास्क का इस्तेमाल ज़रूर करें।
लेकिन वहीं, WHO के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रॉस एडहेनॉम ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए फेस मास्क पर बहुत ज्यादा भरोसा करना भी सही नहीं है। WHO के महानिदेशक के अनुसार, "कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए फेस मास्क बचाव का एक तरीका मात्र ही है। लेकिन बचाव के लिए सिर्फ इस पर ही निर्भर रहना खतरनाक साबित हो सकता है। कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए अन्य उपाय अपनाना भी बेहद ज़रूरी है।"
WHO की सलाह है कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग रखना हाथों को बार-बार साफ करना और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना भी काफी महत्वपूर्ण है। सिर्फ मास्क लगाने मात्र से आप कोरोना वायरस संक्रमण से खुद का बचाव नहीं कर सकते हैं। याद रखिए कि कोरोना वायरस संक्रमण से आप खुद को तभी बचा सकते हैं जबकि आप सावधान और सचेत रहेंगे।