रिसर्च का दावा: कोरोना वायरस संक्रमण से बचने मास्क है ज्यादा कारगर
मास्क का सही इस्तेमाल आपको काफी हद तक रख सकता है कोरोना वायरस से सुरक्षित
JUNE 13 (WTN) - चीन के वुहान शहर से उपजी और फैली कोरोना वायरस संक्रमण की बीमारी आज मानव सभ्यता के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। देखते ही देखते अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण से 4,28,525 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 77 लाख 52 हज़ार से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं।
जैसा कि आप जानते ही हैं कि अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण की कोई भी वैक्सीन या दवा तैयार नहीं हो सकी है। पूरी दुनिया के वैज्ञानिक कोरोना वायरस संक्रमण की वैक्सीन और दवा बनाने के काम में दिन रात जुटे हुए हैं। इस सबके बीच, कोरोना वायरस संक्रमण बीमारी पर कई तरह के रिसर्च सामने आ रहे हैं, जिनमें बीमारी फैलने और बीमारी पर नियंत्रण के कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में अमेरिका में किए गए एक रिसर्च में दावा किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति मास्क का इस्तेमाल करता है, तो वो कोरोना वायरस संक्रमण से सोशल डिस्टेंसिंग की तुलना में ज़्यादा खुद का बचाव कर सकता है। बता दें कि इस तरह का दावा अमेरिका के The Proceedings of the National Academy of Sciences जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट में किया गया है।
रिपोर्ट में छपी रिसर्च के अनुसार, मास्क के सही इस्तेमाल के कारण ही अभी तक दुनियाभर में लाखों की संख्या में लोगों की जान कोरोना वायरस संक्रमण से बचाई जा सकी है। रिसर्च के अनुसार, यदि कोरोना के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में लोगों ने मास्क का इस्तेमाल नहीं किया होता, तो शायद इस समय तक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तुलनात्मक रूप से काफी ज्यादा होते।
रिसर्च में दावा किया गया है कि अमेरिका और इटली में लोगों ने जब से मास्क का ज्यादा इस्तेमाल करना शुरू किया है, उसके बाद से वहां पर संक्रमण की दर में तेजी के साथ कमी दर्ज़ की गई है। न्यूयॉर्क का उदाहरण देते हुए रिसर्च में कहा गया है कि अप्रैल महीने में जब न्ययॉर्क में लोगों ने मास्क का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करना शुरू किया था, तो वहां पर कोरोना वायरस संक्रमण की दर में तीन प्रतिशत तक की कमी आई थी।
रिसर्च में दावा किया गया है कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के अन्य उपायों जैसे सोशल डिस्टेंसिंग और सैनेटाइजर से भी ज्यादा कारगर उपाय मास्क का इस्तेमाल करना है। रिसर्च में कहा गया है कि अगर लोग सही तरीक़े से सही मास्क पहनते हैं, तो कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा काफ़ी कम हो जाता है।
इधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी मास्क से संबंधित अपनी नई गाइडलाइंस में कहा है कि लोगों को उन जगहों पर मास्क पहनना चाहिए जहां पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया जा सकता है। तो हमारी भी आपको सलाह है कि आप जब भी घर से बाहर निकलें, तो सही मास्क का सही तरीके से इस्तेमाल करें क्योंकि ऐसा करने से आप खुद को कोरोना वायरस संक्रमण से काफी हद तक बचा सकते हैं।