मोदी सरकार के 'इस फ़ैसले' से अपराधी नहीं भाग पाएंगे विदेश
जारी होंगे चिप वाले ई-पासपोर्ट; रुकेगा फर्जीवाड़ा
JUNE 25 (WTN) - साल 2016 में हुई ऐतिहासिक नोट बंदी के बाद जब 2,000 रुपये का नोट बाज़ार में आया था, तब लोगों के बीच यह अफ़वाह थी कि 2,000 रुपये के नोट में एक चिप लगी हुई है। और 2,000 रुपये के इस नोट में लगी चिप से उस नोट की भौगोलिक स्थिति के बारे में पता चल सकेगा कि वह नोट कहां पर है? हालांकि, 2,000 रुपये के नोट में चिप होने की बात को बाद में केन्द्र सरकार ने महज़ एक अफ़वाह क़रार दिया था।
लेकिन कल्पना कीजिए कि यदि आपके किसी दस्तावेज़ में चिप लगी हो, तो आपका दस्तावेज़ पहले की तुलना में ज़्यादा सुरक्षित हो जाएगा। लेकिन जैसा कि आप जानते ही हैं कि कई बार पासपोर्ट के ज़रिए धोखाधड़ी देखने को मिलती है। कई बार अपराधी और फ़र्जीवाड़ा करने वाले लोग फ़र्ज़ी पासपोर्ट के ज़रिए विदेश भाग जाने में सफल हो जाते थे। लेकिन यदि पासपोर्ट में चिप लगी हो, तो फ़र्ज़ी पासपोर्ट बनाना एक तरह से असंभव हो जाएगा।
जी हां, अब ऐसा ही होने जा रहा है। दरअसल, केन्द्र सरकार अब पासपोर्ट को पहले से ज़्यादा सुरक्षित बनाने के लिए पासपोर्ट में कुछ ज़रूरी सुधार करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार इण्डियन सिक्यॉरिटी प्रेस, नासिक और नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के साथ मिलकर चिप वाले ई-पासपोर्ट के लिए काम कर रही है। माना जा रहा है कि इससे पासपोर्ट की सुरक्षा पहले की तुलना में ज़्यादा बेहतर होगी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर के अनुसार, "इण्डियन सिक्योरिटी प्रेस, नासिक और नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर के साथ मिलकर चिप इनेबल्ड ई-पासपोर्ट पर काम किया जा रहा है। ऐसा होने से पासपोर्ट की सुरक्षा और भी बेहतर होगी।" विदेश मंत्री के अनुसार, "ई-पासपोर्ट के प्रोडक्शन के लिए प्रोक्योरमेंट की प्रक्रिया चल रही है।"
वैसे यदि पासपोर्ट में चिप लगाई जाती है, तो इससे नक़ली पासपोर्ट बनाना लगभग असंभव हो जाएगा। ई-पासपोर्ट में जो चिप लगाई जाएगी उसमें पासपोर्ट धारक की सारी जानकारी समाहित होगी। पासपोर्ट में लगी यह चिप एक बड़े सर्वर से कनेक्ट हो सकती है जिसमें पासपोर्ट धारक की पूरी जानकारी फीड रहेगी। यदि कोई भी नक़ली पासपोर्ट बनाकर विदेश जाने की जुगाड़ लगाएगा, तो पासपोर्ट में चिप न होने या फिर चिप और सर्वर में फीड जानकारी के एक समान न होने पर नक़ली पासपोर्ट के बारे में तुरंत ही जानकारी मिल जाएगी।