पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर में COVID-19 के मरीज़ों की भर्ती शुरू और उपचार भी प्रारम्भ
पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर में 300 बिस्तरों का डिकेटेड कोविड सेण्टर आरक्षित
AUG 04 (WTN) - विगत कई वर्षों से मानव सेवा में तत्पर पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर भोपाल को मध्य प्रदेश शासन द्वारा COVID-19 के मरीज़ों के इलाज हेतु सूचीबद्ध किये जाने के पश्चात तीन सौ (300) बिस्तरों को अब COVID-19 के मरीजों ( 35 बेड आई.सी.यू. एवं 265 बेड सामान्य वार्ड) के लिए आरक्षित किया गया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व उच्च स्तरीय शासकीय अधिकारियों की टीम ने पीपुल्स हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था जिसमें उन्होंने कोरोना वायरस के मरीज़ों को दी जाने वाली सुविधाओं से संतुष्ट होने पर 300 बेड को कोरोना मरीज़ों के इलाज हेतु स्वीकृति प्रदान की।
पीपुल्स हॉस्पिटल में कोरोना के वही मरीज़ आ सकेंगे जिन्हें सीएमएचओ भोपाल एवं ज़िला प्रशासन की टीम रेफर करेगी, इलाज में होने वाले व्यय का भुगतान शासन द्वारा आयुष्मान भारत योजना में तय पैकेज के अनुसार किया जाएगा। पीपुल्स हॉस्पिटल के अनुभवी डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ की देखरेख में कोरोना वायरस मरीज़ों का इलाज होगा। पीपुल्स हॉस्पिटल में कोरोना टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध है, जो कि आई.सी.एम.आर.से सम्बद्ध है।
उल्लेखनीय है कि पीपुल्स हॉस्पिटल मध्य प्रदेश में लम्बे समय से चिकित्सीय सेवाओं में उत्कृष्टता के साथ सभी प्रकार के मरीज़ों का इलाज अनुभवी चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की देखभाल में लंबे समय से हो रहा है। हॉस्पिटल ने भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के बीच भरोसे के एक नयी पहचान बनायी है जो कि आज भी इस कोरोना के कठिन समय में देखी जा सकती है।
पीपुल्स हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. कर्नल आलोक कुलश्रेष्ठ ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीपुल्स हॉस्पिटल के काबिल डॉक्टर्स, नर्स और हॉस्पिटल स्टाफ मरीज़ों की सेवा में पूरी शिद्दत से काम कर रहे हैं। हॉस्पिटल में न्यूरो सर्जरी, न्यूरो फिजिशियन, हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग, स्त्री रोग, मेडिसिन, छाती रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, मानसिक रोग सहित सभी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं। यहां पर रेडियोलॉजी, एम.आर.आई., सीटी स्कैन, डिजिटल एक्सरे, मैमोग्राफी, कलर डॉपलर, इको एवं ई.सी.जी. की नवीनतम मशीनें उपलब्ध हैं।
इधर, पीपुल्स कॉलेज ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के डीन डॉ. अनिल दीक्षित के अनुसार COVID-19 के इलाज के लिए सभी को आईसीएमआर की गाइडलाइंस से अवगत कराया गया है और सभी को इन गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करने को कहा गया है।