कोरोना संकट में भी कई देशों को बढ़ा भारत का निर्यात
तनाव के बीच चीन में बढ़ी भारतीय वस्तुओं की डिमांड
AUG 22 (WTN) - जैसा कि आप जानते ही हैं कि चीन के वुहान शहर से फैली कोरोना वायरस संक्रमण महामारी से कई देशों की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन से आर्थिक गतिविधियों पर जो रोक लगी थी उसका इतना बड़ा साइड इफ़ेक्ट हुआ है कि अभी तक कई देशों की अर्थव्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है।
वहीं, अब जबकि लॉकडाउन के कारण आर्थिक गतिविधियां और ऑफिस आदि बंद थे, तो इससे कई लोगों की नौकरी चली गई। अब जबकि कई लोगों की नौकरी चली गई और कई लोगों को कम पेमेंट मिली, तो इससे लोगों की ख़रीदी क्षमता कम हुई। और ऐसा होने से व्यापार में कम डिमांड देखने को मिली। वहीं, कोरोना संकट के कारण विदेशी व्यापार को भी इधर बड़ा झटका लगा है।
ख़ैर, जहां तक भारत के विदेशी व्यापार की बात है, तो कोरोना संकट के दौरान भारत के निर्यात में उतार-चढ़ाव देखा गया है। वहीं, जहां तक चीन की बात है, तो आप जानते ही हैं कि पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन और भारत के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद भारत में चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के लिए अभियान चल रहा है। लेकिन, आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इसी दौरान चीन ने भारतीय सामानों का पहले की तुलना में ज़्यादा आयात किया है।
जी हां, पिछले साल की तुलना में इस साल जून के महीने में चीन में भारतीय सामानों का निर्यात क़रीब 78 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, अप्रैल के महीने में इसमें 60.2 प्रतिशत की गिरावट आई थी। लेकिन, वहीं जुलाई में भारत से चीन को निर्यात क़रीब 10 प्रतिशत तक बढ़ा है। दरअसल, जिन देशों में कोरोना वायरस संक्रमण महामारी फिलहाल काबू में आ गई है, उन दर्शों के लिए भारत का निर्यात बढ़ा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चीन ही नहीं, बल्कि दूसरे एशियाई देशों में भी भारत का निर्यात बढ़ा है। बता दें कि भारत अपने कुल निर्यात का 16 प्रतिशत निर्यात एशियाई अर्थव्यवस्थाओं को करता है। चीन के अलावा मलेशिया, वियतनाम और सिंगापुर जैसे देश जिन्होंने कोरोना वायरस महामारी पर बहुत कुछ नियंत्रण कर लिया है उन देशों में भारत का निर्यात तुलनात्मक रूप से बड़ा है।
लेकिन, दूसरी तरफ पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं में भारत का निर्यात घटा है। दरअसल, अमेरिका, ब्राजील, यूनाइटेड किंग्डम और अन्य पश्चिमी देशों में जहां पर कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं वहां पर भारत का निर्यात घटा है। ख़ैर, अब जब तक कि कोरोना वायरस संक्रमण महामारी पर पूर्ण रूप से काबू नहीं पाया जाता है, तब तक भारत के निर्यात में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे। लेकिन, जिन देशों में कोरोना वायरस संक्रमण पर काबू पा लिया है वहां पर भारत का निर्यात बढ़ने की पूरी आशा है।